सैमसंग जल्द ही अपना पहला ट्राई-फोल्ड स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Samsung Galaxy Z TriFold अगले महीने बाजार में आ सकता है। इस फोन में तीन डिस्प्ले मिलेंगे और कंपनी इसकी अमेरिका में फर्मवेयर टेस्टिंग पहले ही शुरू कर चुकी है। इससे साफ संकेत मिलता है कि फोन लॉन्च के बेहद करीब है।
कीमत इतनी ज्यादा कि शुरुआती यूनिट होंगी सीमित
रिपोर्ट्स बताती हैं कि Samsung Galaxy Z TriFold की कीमत लगभग 3000 डॉलर यानी करीब 2,66,000 रुपये हो सकती है। इसकी ऊंची कीमत को देखते हुए फोन की शुरुआती मैन्युफैक्चरिंग सीमित हो सकती है। फोल्डेबल फोन का मार्केट लगातार बढ़ रहा है और इस सेगमेंट में सैमसंग की पकड़ पहले से ही मजबूत है।
किन देशों में पहले मिलेगा यह फोन
यह फोन दक्षिण कोरिया के अलावा अमेरिका, सिंगापुर, चीन, यूएई और ताइवान जैसे चुनिंदा देशों में लॉन्च किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि सैमसंग इसे 2 दिसंबर को पेश कर सकती है। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इसकी लॉन्च डेट या फीचर्स की पुष्टि नहीं की है।
डिजाइन और डिस्प्ले से जुड़ी शुरुआती जानकारियां
Samsung Galaxy Z TriFold फोल्ड होने पर लगभग 14 मिमी मोटा और अनफोल्ड होने पर करीब 4.2 मिमी पतला हो सकता है। इसमें 6.5 इंच का आउटर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जबकि पूरी तरह खुलने पर इसकी स्क्रीन करीब 10 इंच होगी। पिछले साल हुवावे ने Mate XT Ultimate Design नाम से दुनिया का पहला ट्रिपल-फोल्ड फोन लॉन्च किया था, और अब सैमसंग भी इस रेस में उतर रहा है।
शुरुआत में कम यूनिट्स, बाद में बढ़ सकती है मैन्युफैक्चरिंग
एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि कंपनी ने फिलहाल इस फोन के लगभग 30,000 पार्ट्स तैयार किए हैं, जो किसी फ्लैगशिप फोन के मुकाबले काफी कम है। इससे लगता है कि शुरुआत में फोन सीमित संख्या में ही उपलब्ध होगा। अगर मार्केट में अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो कंपनी इसकी मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने पर विचार कर सकती है।
दो हिस्सों में फोल्ड होगा और Z स्टाइल में खुलेगा
इस फोन में डुअल इनवर्ड-फोल्डिंग हिंज होंगे, जिससे यह दो हिस्सों में फोल्ड हो सकेगा। फोल्ड होने पर फोन बिल्कुल सामान्य बार-स्टाइल स्मार्टफोन जैसा दिखेगा। इसमें तीन डिस्प्ले साइड-बाय-साइड दिए होंगे, जिन्हें Z पैटर्न में फोल्ड किया जा सकेगा।